E-Paperअंबिकापुरछत्तीसगढ़जशपुरजांजगीर - चांपाटॉप न्यूज़दिल्लीदिल्ली NCRदेशपत्थलगाँवफरसाबहारबिलासपुरमयाली कुनकुरी जशपुररायगढ़रायपुर

1.40 लाख महिलाओं से लेकर रणजीता स्टेडियम तक ‘आशीर्वाद का एक दीया’ दीपों से जगमगाया जशपुर।

CG Mirror News

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहग्राम बगिया में श्रीराम मंदिर से प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला योजना तक दीपों से सजी विकास की झांकी, महिलाओं ने केक काटकर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की।

जशपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को जशपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भव्य शुरुआत हुई। शहर से गांव तक दीपों की रोशनी में जनभागीदारी का संदेश गूंजा। रणजीता स्टेडियम में 65 हजार से अधिक दीपों ने जहां जशपुर की तस्वीर बदल दी, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहग्राम बगिया में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की आकर्षक झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा। जिले में 5 लाख दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य के साथ आयोजित अभियान में 1 लाख 40 हजार से अधिक स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने घरों में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ जलाकर सहभागिता निभाई।

रणजीता स्टेडियम में 65 हजार दीपों से रोशन हुआ जशपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत @2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से रणजीता स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्वलित किए।

रणजीता स्टेडियम में 65 हजार से अधिक दीप जलाए गए। दीपों से प्रधानमंत्री आवास योजना की आकर्षक आकृति तैयार कर “5,16,50,297 आवास राष्ट्र को समर्पित” का संदेश प्रदर्शित किया गया। दीपों की यह झांकी प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के प्रयासों को दर्शाती रही।

विधायक रायमुनी भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों ने प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।

शहर से गांव तक जगमगाए दीप, प्रमुख चौक-चौराहों पर आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस शाम 7 बजे जशपुर शहर के रणजीता स्टेडियम, गौरव पथ, महाराजा चौक, दिलीप सिंह जूदेव प्रतिमा चौक और बिरसा मुंडा चौक सहित प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए। नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, पार्षद देवधन नायक, सुधीर पाठक, राजेश गुप्ता, शैलेन्द्री यादव, एल्डरमैन नीतू गुप्ता, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी नागरिकों ने दीप जलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। मनोरा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सन्ना में ‘पीएम जनमन’ सहित विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग थीम पर दीपों से झांकियां तैयार की गईं।

1.40 लाख महिलाओं ने घरों में जलाया ‘आशीर्वाद का एक दीया’

जशपुर जिले के 12 हजार से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1 लाख 40 हजार से अधिक महिला सदस्यों ने अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया। कृषि सखी, पशु सखी, मुद्रा लोन से जुड़ी महिलाएं सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी समूह की सदस्यों ने इस आयोजन में सहभागिता निभाई।

शहर के चौक-चौराहों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक दीपों की रोशनी ने अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

बगिया में दीपों से सजी योजनाओं की झांकी, महिलाओं ने काटा केक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृहग्राम बगिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विशेष आयोजन हुआ। दीप प्रज्वलन के माध्यम से श्रीराम मंदिर, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई।

दीपों की रोशनी से मुख्यमंत्री का निजी निवास, हेलीपेड, अटल चौक और श्री फलेश्वर नाथ मंदिर परिसर जगमगा उठा। स्थानीय महिलाओं ने दीप जलाकर केक काटा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

आयोजन में प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने भी दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इनमें स्कूली बच्चों के लिए भाषण, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, पौधरोपण, स्वच्छता जागरूकता अभियान, जिला प्रदर्शनी, सफलता की कहानियां, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान एवं मतदाता जागरूकता सहित अनेक गतिविधियां शामिल हैं।

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker