
ऐतिहासिक शक्ति प्रदर्शन : हजारों की भीड़ में गूंजा एकता का स्वर, शिक्षा और संगठन को लेकर लिया गया बड़ा संकल्प
नागलोक के पुराईनबंध में भव्य सम्मेलन, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में मगधा समाज ने दिखाई ताकत और जागरूकता।
जशपुर। छत्तीसगढ़ मगधा यादव समाज द्वारा जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पुराईनबंध में आयोजित जिलास्तरीय वार्षिक सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम ऐतिहासिक, भव्य और अत्यंत गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशाल आयोजन में जिले भर से हजारों की संख्या में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवा शक्ति की उपस्थिति ने इसे एकता, जागरूकता और सामाजिक शक्ति का विराट प्रदर्शन बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय गजेंद्र यादव जी एवं अखिल भारतीय कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय कौशल्या विष्णुदेव साय जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव जी, चंद्रपुर विधायक एवं पूर्व सांसद रामकुमार यादव जी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धानमती यादव जी, वरिष्ठ समाजसेवी रमेश यादव जी एवं केनू राम यादव जी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में समाज की एकजुटता, शिक्षा के महत्व और युवाओं की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ में यादव समाज की संख्या दूसरे स्थान पर है, ऐसे में हमें अपनी शक्ति को पहचानते हुए संगठित रहना होगा और समाज को नई दिशा देनी होगी।” मुख्य अतिथि गजेंद्र यादव जी ने शिक्षा को समाज की प्रगति की रीढ़ बताते हुए युवाओं से उच्च शिक्षा और प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षित समाज ही सशक्त समाज की नींव रखता है।” वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या विष्णुदेव साय जी ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी सहयोग, समरसता और निरंतर प्रयास की आवश्यकता बताई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, रोजगार और संगठनात्मक मजबूती को लेकर गंभीर चर्चा हुई और सामूहिक रूप से समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज के लिए नई ऊर्जा, नई सोच और नई दिशा देने वाला सशक्त मंच साबित हुआ। यहां से उठी एकता और प्रगति की आवाज अब पूरे क्षेत्र में बदलाव का संदेश देगी। पुराईनबंध की धरती पर आयोजित यह महासम्मेलन मगधा यादव समाज की एकजुटता, ताकत और जागरूकता का जीवंत उदाहरण बन गया, जिसने यह साबित कर दिया कि जब समाज एकजुट होता है, तो विकास की राह खुद बन जाती है।
Views: 0




