
CG Mirror News
जशपुर:- पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ हुई छेड़छाड़ और दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों में एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
शाम को घर लौटते समय घेरा, फिर की हैवानियत जानकारी के अनुसार, बीती 17 फरवरी को पीड़िता अपनी 35 वर्षीय बुआ के साथ मेहमानी से अपने गृह ग्राम लौट रही थी। शाम के वक्त रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों ने उन्हें घेरकर छेड़छाड़ शुरू कर दी। डर के मारे बुआ भागकर घर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी भाग निकले। दो दिन बाद पीड़िता ने परिजनों को बताया कि एक आरोपी ने उसे जबरन घसीटकर दूर ले जाकर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी पहरा देते रहे।
पैसे का लालच और जान से मारने की धमकी मामला तब और गंभीर हो गया जब ग्रामीणों को घटना का पता चला। आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पीड़ित परिवार को पैसे का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश की और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, परिजनों ने साहस दिखाते हुए 20 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
DIG के निर्देश पर गठित हुई 4 टीमें मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल आरोपियों की धर-पकड़ के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम यह रहा कि सूचना मिलते ही सभी 9 संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों से ढूंढ निकाला गया।
इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
“महिला एवं बाल संबंधी अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमने त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।” > — डॉ. लाल उमेद सिंह, DIG एवं SSP, जशपुर
गिरफ्तार आरोपियों के नाम: मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23), समीर मिंज (28), तेलेस्फोर मिंज (40), आनंद मिंज (38), रितेश कुमार टोप्पो (29), सुनीत तिर्की (30), अविनाश तिर्की (25), सत्या मिंज (24) और एक 17 वर्षीय किशोर।
कार्यवाही में इनकी रही मुख्य भूमिका: इस सफल मिशन में निरीक्षक राकेश कुमार यादव, एएसआई उमेश प्रभाकर, नरेश मिंज, अनिल कामरे, प्रधान आरक्षक छविकांत पैंकरा सहित अन्य आरक्षकों का विशेष योगदान रहा।
Views: 0




