
घर से स्कूल जा रहे शिक्षक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, ट्रक-बाइक की आमने-सामने टक्कर में गई जान।
जशपुर :- जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की मौत हो गई। वे प्रतिदिन की तरह घर से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय फरसाबहार के लिए निकले थे। इसी दौरान सिंगीबहार मेन रोड पर उनकी बाइक की आमने-सामने ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक नसीम अंसारी धमधा (रायपुर) से अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। सिंगीबहार के पास अचानक सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की अचानक मृत्यु से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बताया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।
Views: 0




