E-Paperअंबिकापुरकुनकुरीछत्तीसगढ़जशपुरटॉप न्यूज़दिल्लीदिल्ली NCRपत्थलगाँवफरसाबहारबगीचाबिलासपुरबीजापुरमनेन्द्रगढ़मयाली कुनकुरी जशपुरमहासमुन्दराज्यरायगढ़रायपुरलोकल न्यूज़सरगुजासूरजपुर

वर्षों बाद तपकरा को पुनः ब्लॉक बनाने की मांग हुई तेज: 29 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने बनाई संघर्ष समिति, मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन

CG MIRROR NEWS

जशपुर । वर्षों बाद तपकरा को पुनः विकासखंड (ब्लॉक) का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। रविवार को तपकरा स्थित कंवर धाम पमशाला में आयोजित ऐतिहासिक बैठक में डीडीसी क्षेत्र की 29 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सरपंच, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सर्वसम्मति से “तपकरा विकास स्थापना संघर्ष समिति” का गठन किया गया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर तपकरा को पुनः ब्लॉक घोषित करने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि तपकरा केवल एक गांव नहीं, बल्कि लंबे समय से प्रशासनिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। स्थानीय जानकारों के अनुसार वर्ष 1985 से पहले तपकरा विकासखंड के रूप में कार्य कर चुका है। उनका कहना है कि उस समय कार्यालयों के संचालन के लिए पर्याप्त भवन एवं स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण विकासखंड कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों को फरसाबहार स्थानांतरित कर दिया गया था। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि आज भी कई पुराने शासकीय अभिलेखों और रिकॉर्ड में तपकरा का उल्लेख विकासखंड के रूप में दर्ज मिलता है।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान में तपकरा में नवीन तहसील कार्यालय संचालित है, जिससे राजस्व संबंधी कार्य स्थानीय स्तर पर हो रहे हैं। लेकिन पंचायत, जनपद पंचायत, ग्रामीण विकास, निर्माण कार्य और अन्य ब्लॉक स्तरीय कार्यों के लिए लोगों को लगभग 15 किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता है। इससे आम नागरिकों का समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं। उनका कहना था कि यदि तपकरा को पुनः विकासखंड का दर्जा मिलता है तो हजारों ग्रामीणों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए। विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से “तपकरा विकास स्थापना संघर्ष समिति” का गठन किया गया। समिति के संरक्षक के रूप में भरत साय, डॉ. अजय शर्मा, अर्जुन साव, चितरंजन सिंह एवं कपिलेश्वर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य सलाहकार रामनिवास गुप्ता एवं चिंता राम कंवर, अध्यक्ष नटवर मुंदड़ा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, सचिव गोपाल कश्यप, सहसचिव मनोज पाण्डेय एवं रितेश सोनी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, सहकोषाध्यक्ष सहदेव साहू तथा मीडिया प्रभारी मनोज नायक को सर्वसम्मति से चुना गया।
समिति ने निर्णय लिया कि आगामी दिनों में क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और इसके बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को ज्ञापन सौंपकर तपकरा को पुनः विकासखंड घोषित करने की मांग की जाएगी। बैठक में यह भी कहा गया कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता की सुविधा से जुड़ी हुई है।
बैठक के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि तपकरा को उसका पुराना प्रशासनिक गौरव दिलाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। वर्षों बाद 29 ग्राम पंचायतों का एक मंच पर आना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब तपकरा को पुनः ब्लॉक बनाने की मांग जनभावना का रूप ले चुकी है। यदि यह मांग पूरी होती है तो न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

www.cgmirror.com

Post  By -Mukesh Nayak

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker