
CG Mirror News
जशपुर:- जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौनी घाटी के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा वाहन और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर में दर्जनों यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बताया जा रहा है कि यात्री बस बगीचा से कुसमी की ओर जा रही थी, तभी रौनी घाटी के पास सामने से आ रही हाइवा से जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा पहुंचाया गया।अस्पताल में घायलों को लाते ही अफरा-तफरी मच गई और पूरे स्वास्थ्य केंद्र में आपात स्थिति बन गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायलों में
बालमनी बाई (35), निरुता लकड़ा (32), पुनिता (23), जेठू, तृप्ति, आयुष गुप्ता, विक्टोरिया, शिवप्रसाद, सुखनी, दीनानाथ, उमेश प्रकाश यादव, जगन राम, सावित्री, संझियारी, सुनीता, सेवती, आशा एक्का, शुभम और लगन शामिल हैं।कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी है। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाइवा की रफ्तार बेहद तेज थी और घाटी क्षेत्र में लापरवाही से ओवरटेक करने की वजह से यह दुर्घटना हुई। फिलहाल बगीचा पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।एक बार फिर यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
Views: 0




