
बड़ी खबर : प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची हत्या की साजिश, शादी के डेढ़ महीने बाद पति को उतारा मौत के घाट”
रांची। झारखंड के पलामू जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। यह घटना नवाजयपुर थाना क्षेत्र के सिंजों गांव की है, जहां शादी के महज डेढ़ महीने बाद ही पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, युवती का शादी से पहले एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। लेकिन परिजनों ने उसकी शादी जबरन किसी और युवक, सरफराज नामक युवक से 22 जून को करवा दी। कुछ दिनों तक पति-पत्नी एक साथ रहे, फिर दोनों अलग रहने लगे। हत्या की साजिश रचने के बाद, आरोपी पत्नी ने 31 जुलाई को सरफराज को जंगल में मिलने बुलाया। वहां पहले से उसका प्रेमी मौजूद था। दोनों ने मिलकर पत्थरों से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। पलामू पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन ने बताया कि घटना की जांच के बाद पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Views: 0




