
बगीचा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लोन मेला आयोजित, समूह की महिलाओं को ऋण एवं बैंक लिंकेज की जानकारी
बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत मुद्रा एवं बैंक लिंकेज लोन मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं ग्रामीण हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें बैंकिंग योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनपद पंचायत के विहान समूह से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और बैंक लिंकेज के माध्यम से मिलने वाली ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई।
लोन मेले में स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, छोटे व्यवसाय एवं स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक ऋण का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेज, ऋण आवेदन प्रक्रिया तथा बैंक से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में बैंक लिंकेज एवं ऋण योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे मिलती है और उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं।
कार्यक्रम में विहान समूह से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं समूह के सदस्य उपस्थित रहे।
Views: 0




