
जशपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नव’ के संभावित प्रभाव और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए जशपुर जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जशपुर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 2937 में मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए बताया गया है कि चक्रवाती तूफान ‘अर्नव’ के प्रभाव और अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। आदेश कलेक्टर की अनुमति से जारी किया गया है।
आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 30 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश रहेगा। इससे पहले 29 अक्टूबर को भी जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई थी।
लगातार दूसरे दिन स्कूलों में अवकाश
मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जशपुर जिले में लगातार दूसरे दिन स्कूल बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों को आदेश की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जारी इस आदेश के बाद जिले के स्कूलों में शुक्रवार को पढ़ाई नहीं होगी।
Views: 0



