
अपराध : मां की ममता को किया तार-तार : कलयुगी बेटे ने टांगी से मारकर कर दी हत्या ,पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने मामूली पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की टांगी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी को जशपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 अगस्त 2025 को ग्राम फरदबहार निवासी सुबरन राम (70 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन दशमती बाई और उसका भांजा कमल राम (25 वर्ष), निवासी ग्राम गारीघाट थाना फरसाबहार, मेहमान के रूप में उसके घर आए थे। दोपहर के समय जब सभी खाना खाकर आराम कर रहे थे, तभी करीब 2:30 बजे प्रार्थी को घर के आंगन से झगड़े की आवाज सुनाई दी।जब वह बाहर पहुंचा, तो देखा कि उसका भांजा कमल राम अपनी ही मां दशमती बाई पर टांगी से लगातार हमला कर रहा था। चीख-पुकार मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। जब सुबरन राम अपनी बहन के पास पहुंचा, तो देखा कि गर्दन पर गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर तुमला पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और हत्या के आरोप में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी कमल राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि मां के साथ पारिवारिक विवाद के दौरान वह इस कदर गुस्से में आ गया कि आंगन में रखी लोहे की टांगी से हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी उसके कब्जे से बरामद कर लिया है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई
इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल नेताम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक हीरा लाल यादव, नगर सैनिक बेनुधर बारीक व देवनंदन राम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि, “घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जप्त कर ली गई है।”
Views: 0




