
ऑपरेशन शंखनाद: 70 किलोमीटर पीछा कर जशपुर पुलिस ने पकड़ा कुख्यात गौ-तस्कर , बोलेरो एवं 5 मवेशी जब्त…
जशपुर, जशपुर पुलिस ने गौ-तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 70 किलोमीटर तक पीछा कर साईंटांगरटोली निवासी कुख्यात गौ-तस्कर महताब खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने साथियों के साथ बोलेरो वाहन में क्रूरतापूर्वक 5 गौ-वंश को भरकर झारखंड ले जा रहा था। पीछा करने के दौरान तस्करों ने एक घर को क्षतिग्रस्त भी कर दिया।
मामले में पुलिस ने 5 नग मवेशी (कीमत लगभग 50 हजार) और बोलेरो वाहन (सीजी 15 बी 0906, कीमत लगभग 2 लाख) बरामद किया है। महताब के अन्य साथी फरार हैं जिनकी तलाश सरगर्मी से जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जुलाई को एसएसपी शशि मोहन सिंह को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन में कुछ लोग अवैध रूप से गौ-वंश को चरईडांड़-दमेरा-जशपुर-भलमंडा होते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। इस पर तत्काल थाना लोदाम और कुनकुरी पुलिस को अलर्ट कर भलमंडा चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की गई।
मुखबिर के बताए अनुसार बोलेरो वाहन जब मौके पर पहुंचा तो पुलिस द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक तेजी से भाग निकला। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन मांझाटोली, रायडीह, अम्बाडांड़ होते हुए गिरला पहुंचा, जहां तस्करों ने वाहन को बस्ती में छिपा दिया और गौ-वंश को पैदल ले जाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने 5 मवेशियों को बरामद कर सुरक्षार्थ रखा और आरोपी महताब खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महताब ने बताया कि वह चरखापारा से मवेशियों को खरीदकर बोलेरो में लोड कर झारखंड ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर वाहन भी बरामद कर लिया है।
मामले में महताब खान पिता ईशाक खान उम्र 21 वर्ष निवासी साईंटांगरटोली के विरुद्ध थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक महेश्वर यादव, हेमंत कुजूर समेत अन्य स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “बोलेरो वाहन से झारखंड गौ-तस्करी कर रहे आरोपी महताब खान को गिरफ्तार किया गया है। उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार चलता रहेगा।”
Views: 0




