E-Paper

रनपुर में महिला की मौत की पुष्टि को लेकर मचा हड़कंप, शिकायत के तीन घंटे बाद पहुंचे डॉक्टर तो ग्रामीणों ने घेरा!

दो MBBS डॉक्टरों की पदस्थापना के बावजूद अस्पताल में रात के समय चिकित्सक नदारद रहने का आरोप, कुनकुरी से रोजाना आना-जाना करते हैं डॉक्टर; वार्ड आया और नर्सों के भरोसे स्वास्थ्य केंद्र संचालित होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

जशपुर/बगीचा। बगीचा विकासखंड के रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कथित मनमानी और पदस्थापना स्थल पर नहीं रहने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां दो MBBS डॉक्टरों की पदस्थापना की है, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर उस समय जमकर हंगामा हुआ, जब एक महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की तलाश की गई, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। शिकायत के करीब दो घंटे बाद डॉक्टर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर जमकर सवाल उठाए।

दो डॉक्टर पदस्थ, फिर भी रात में डॉक्टरों का इंतजार!

ग्रामीणों के मुताबिक रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में दो MBBS डॉक्टर पदस्थ हैं। उनके रहने के लिए बाकायदा शासकीय डॉक्टर क्वार्टर भी बनाया गया है, ताकि रात में किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके। लेकिन आरोप है कि दोनों डॉक्टर कुनकुरी से आना-जाना करते हैं। सुबह लगभग 10-11 बजे अस्पताल पहुंचते हैं और दोपहर 3-4 बजे तक वापस चले जाते हैं। ऐसे में रात के समय स्वास्थ्य केंद्र वार्ड आया और नर्सों के भरोसे संचालित होने की बात सामने आ रही है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब डॉक्टरों की पदस्थापना रनपुर में हुई है और रहने के लिए सरकारी आवास भी उपलब्ध है, तो फिर वे मुख्यालय में क्यों नहीं रहते? आखिर रात में किसी गंभीर मरीज को तत्काल उपचार की जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी किसकी होगी?

महिला की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में नहीं मिले डॉक्टर

मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब रनपुर निवासी प्रदीप गुप्ता की पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि महिला का पहले रायपुर में उपचार चल रहा था और पिछले लगभग एक महीने से घर पर ही उनकी देखभाल की जा रही थी। आज शाम अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजनों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार उस समय रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर मौजूद नहीं थे।

इसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस स्टाफ ने महिला की जांच की, लेकिन परिजनों को उनकी स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकी। इसी बीच अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।

अधिकारियों को फोन पर शिकायत, दो घंटे बाद पहुंचे डॉक्टर

ग्रामीणों ने पहले बीएमओ को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को भी फोन कर रनपुर में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली की शिकायत की गई। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों से कहा गया कि यहां पदस्थ डॉक्टर मुख्यालय में नहीं रहते और रात में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत पर जांच कराने की बात कही गई।

आरोप है कि शिकायत के करीब दो घंटे बाद डॉक्टर मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने महिला के घर जाकर जांच की और उनकी मृत्यु की पुष्टि की। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना था कि यदि डॉक्टर समय पर उपलब्ध होते तो मरीज को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक उपचार मिलने की उम्मीद रहती।

हालांकि, महिला की पहले से गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह कहना संभव नहीं है कि समय पर डॉक्टर पहुंचने से उनकी जान बच सकती थी, लेकिन आपातकालीन स्थिति में डॉक्टरों की अनुपस्थिति ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

अस्पताल पहुंचकर ग्रामीणों ने डॉक्टरों को घेरा

महिला की मौत की पुष्टि के बाद आक्रोशित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और डॉक्टरों को घेरकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने पदस्थ डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की कि दोनों डॉक्टरों के मुख्यालय में निवास करने और ड्यूटी के समय की जांच कराई जाए। साथ ही रात में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्रामीण क्षेत्र में दो MBBS डॉक्टर पदस्थ हैं, उनके लिए सरकारी आवास भी उपलब्ध है, तो फिर रात में मरीजों को डॉक्टर क्यों नहीं मिलते? क्या स्वास्थ्य विभाग को इस स्थिति की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखी की जा रही है?

रनपुर के ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और नियमित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker