
CG Mirror News
जशपुर – कांग्रेस के छत्तीसगढ़ संगठन प्रभारी एवं झारखंड के लोहरदगा से सांसद सुखदेव राम भगत 16 नवंबर को एक दिवसीय प्रवास पर जशपुर पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खास बात यह है कि उनके स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज सहित प्रदेश के कई दिग्गज कांग्रेस नेता भी जशपुर पहुंचेंगे।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष यूडी मिंज ने संगठन प्रभारी के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड की राजधानी रांची से जशपुर पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंतरराज्यीय सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अलावा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री उमेश पटेल सहित छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे।
स्वागत कार्यक्रम के बाद सुखदेव भगत शंख से सीधे जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संक्षिप्त चर्चा करेंगे। इसके पश्चात वे सौगड़ा आश्रम जाकर मां काली और गुरुपद संभवराम जी का आशीर्वाद लेंगे।
जिलाध्यक्ष यूडी मिंज ने बताया कि दौरे के दौरान वोट चोरी और एसआईआर के विरोध में शहर के नजदीकी गांव बालाछापर में जन चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें सुखदेव भगत शामिल होकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और एसआईआर की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के संबंध में लोगों को जागरूक करेंगे। इसके बाद वे दुलदुला विकासखंड के लोरो में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। यहां से कांसाबेल पहुंचकर कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
अपने प्रवास के अंतिम चरण में सुखदेव भगत पत्थलगांव पहुंचेंगे। यहां वे कांग्रेस के दिवंगत नेता हरगोविंद अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे आगे के लिए रवाना होंगे।
पत्रकार वार्ता में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हीरू राम निकुंज, पूर्व जनपद अध्यक्ष शशि भगत, सहस्त्रांशु पाठक, महेंद्र अग्रवाल, सुमित शर्मा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
www.cgmirror.com
Views: 0




