
CG Mirror News
जशपुर। क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने त्वरित पहल करते हुए सिंगीबहार विद्युत सब-स्टेशन के अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। बीडीसी गोपाल कश्यप एवं भाजपा नेता सीताराम गुप्ता, कुंदन शर्मा ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगें रखीं। इनमें सिंगीबहार विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर चालू कराने, केरसई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए नवीन भवन की स्वीकृति तथा घासीमुंडा से ढेकड़ेघाट तक पक्की सड़क निर्माण की मांग शामिल है। मुख्यमंत्री ने विद्युत सब-स्टेशन के मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के प्रबंध निदेशक से दूरभाष पर चर्चा की और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं, स्कूल भवन और सड़क निर्माण के प्रस्ताव बजट में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सिंगीबहार सब-स्टेशन पर सीएम का तत्काल एक्शन
ग्राम पंचायत सिंगीबहार में लंबे समय से अधूरे पड़े विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण पूरा कराकर उसे जल्द चालू कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। क्षेत्र में बेहतर विद्युत आपूर्ति और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इस सब-स्टेशन का संचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर से फोन पर चर्चा की और अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के इस तत्काल एक्शन से क्षेत्रवासियों में सब-स्टेशन के जल्द पूरा होने और चालू होने की उम्मीद जगी है।
केरसई स्कूल के लिए नवीन भवन की मांग
दूसरी प्रमुख मांग शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई के लिए नए भवन की स्वीकृति से जुड़ी रही। विद्यालय के वर्तमान भवन की जर्जर स्थिति और विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सर्वसुविधायुक्त नवीन भवन निर्माण की आवश्यकता बताई गई।
मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन के निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, ताकि इस कार्य को बजट में शामिल कर स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
घासीमुंडा से ढेकड़ेघाट तक पक्की सड़क निर्माण की मांग
तीसरी महत्वपूर्ण मांग ग्राम पंचायत केरसई अंतर्गत घासीमुंडा से ढेकड़ेघाट तक पक्की सड़क निर्माण की है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों को देखते हुए इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) अथवा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत करने का आग्रह किया गया।
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के लिए भी आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने और बजट में शामिल करने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
तीन मांगें, विकास की उम्मीदें
भाजपा नेता सीताराम गुप्ता, कुंदन शर्मा एवं बीडीसी गोपाल कश्यप ने क्षेत्र की इन समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष पक्ष रखा। मुख्यमंत्री द्वारा सिंगीबहार सब-स्टेशन पर तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश और स्कूल भवन एवं सड़क के प्रस्तावों को बजट में शामिल कराने की पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इन तीनों जनहितकारी मांगों पर होने वाली आगामी प्रशासनिक कार्रवाई और स्वीकृति पर टिकी हैं। यदि प्रस्तावों को स्वीकृति मिलती है, तो क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, शिक्षा और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।
Views: 0



