
जशपुर पुलिस ने तिहरे हत्याकांड का किया सनसनीखेज खुलासा – आरोपी प्रमोद गिद्धी रांची से गिरफ्तार, बेल्ट से गला घोंटकर की थी तीनों की हत्या
जशपुर, 25 जून 2025
जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में सामने आए तिहरे हत्याकांड में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद गिद्धी को रांची से धरदबोचा है, जो घटना के बाद साउथ इंडिया भागने की फिराक में था।
घटना का खुलासा – प्रेम संबंध और चरित्र शंका बनी वजह
23 जून को तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में कह रहा है कि उसने एक महिला और दो बच्चों की हत्या कर शव को साजबहार (उतियाल नदी) के किनारे दफना दिया है। पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नदी किनारे रेत में दबे 06 साल के लड़के और 14 साल की लड़की का शव बरामद किया, वहीं पास के जंगल में 36 वर्षीय महिला सुभद्रा ठाकुर का शव भी मिला।
जांच में सामने आया कि मृतका का गांव के ही प्रमोद गिद्धी से प्रेम संबंध था, और वह घटना के बाद से फरार हो गया था।
बेल्ट से की गला घोंटकर हत्या, फिर खुद भी की आत्महत्या की कोशिश
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने सुभद्रा ठाकुर पर चरित्र को लेकर शक के चलते बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों बच्चों की भी बारी-बारी से हत्या कर दी और शव को नदी किनारे दफना दिया।
घटना के बाद उसे आत्मग्लानि हुई, और उसने जहर खा लिया। जब पुलिस ने उसे रांची से गिरफ्तार किया और रास्ते में पूछताछ की, तो उसने जहर पीने की बात कबूल की। तत्काल उसे जशपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति अब स्थिर है।
पुलिस ने 05 टीम बनाकर की थी गिरफ्तारी की रणनीति
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस की 05 अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं, जो लगातार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। प्रमोद गिद्धी के रांची में होने की आशंका पर एक टीम को वहां भेजा गया था। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से उसे ट्रैक किया गया और आखिरकार रांची से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में शामिल प्रमुख अधिकारी
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश समरथ, निरीक्षक संदीप कौशिक, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, सउनि हरिशंकर राम, सउनि नसरुद्दीन खान, एचसी मिराज किस्पोट्टा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसएसपी का बयान:
“तिहरे हत्याकांड का खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। सभी टीमों ने जिस तरह समन्वय कर कार्य किया, वह सराहनीय है। आरोपी की गिरफ्तारी में विशेष भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार दिया गया है।”
— एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह
Views: 0




