
जशपुर में भाजयुमो का प्रदर्शन ,भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन सनातन धर्म व साधु-संतों के अपमान का आरोप, कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी।
जशपुर। सनातन धर्म,भगवान श्रीराम और साधु-संतों के अपमान का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को जशपुर जिला मुख्यालय में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत जशपुर बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए।
भाजयुमो नेताओं का कहना है कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा समय-समय पर दिए गए बयान सनातन धर्म और देश की धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने वाले रहे हैं। रामसेतु और भगवान श्रीराम को लेकर की गई टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की सोच उजागर होती है। राम मंदिर निर्माण के बाद आमंत्रण मिलने के बावजूद गांधी परिवार द्वारा दर्शन न किए जाने को भी भाजयुमो नेताओं ने कांग्रेस की मानसिकता से जोड़ा। कार्यक्रम में उपस्थित भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता साधु-संतों और धार्मिक कथावाचकों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर की गई टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रवचनों में उमड़ रही भीड़ यह दर्शाती है कि समाज का बड़ा वर्ग सनातन परंपराओं से जुड़ा हुआ है।

भाजयुमो जशपुर जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान सनातन धर्म, भगवान श्रीराम और साधु-संतों की भावनाओं को आहत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में यह पुतला दहन किया गया है और भाजयुमो लोकतांत्रिक तरीके से सनातन सम्मान की रक्षा के लिए आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, जिला सोशल मीडिया प्रभारी दीपक मिश्रा, जिला मंत्री विकास राजा सोनी, जशपुर शहर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, शहर मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Views: 0




