
अग्रिम भुगतान के बाद भी नहीं हो सका सीसी सड़क निर्माण,स्कूली बच्चे एवं ग्रामीण परेशान । क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
जशपुर। दुलदुला पंचायत में सरस्वती शिशु मंदिर से नहर तक प्रस्तावित सीसी सड़क निर्माण का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। अधो संरचना मद से वित्तीय वर्ष 2023-24 में करीब 7 लाख रुपये की लागत से 210 मीटर लंबी सड़क बनाने की स्वीकृति दी गई थी। सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना के लिए एक साल पहले ही 40 प्रतिशत अग्रिम भुगतान भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक काम शुरू नहीं हो पाया।
गांव के लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण न होने से सबसे ज्यादा दिक्कत सरस्वती शिशु मंदिर के छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है। रोजाना उन्हें कीचड़ भरे और फिसलन भरे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। बरसात के दिनों में यह स्थिति और भी बिगड़ जाती है, जिससे बच्चों के गिरने और चोटिल होने का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार अभिभावक बच्चों को गोद में उठाकर या सहारा देकर स्कूल पहुंचाने को मजबूर हो जाते हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर हुई लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह सड़क आज तक अधूरी है। उनका कहना है कि 50 प्रतिशत भुगतान होने के बावजूद काम शुरू न होना भ्रष्टाचार और सिस्टम की कमजोरी को उजागर करता है।
कई बार ग्रामीणों ने पंचायत से लेकर ब्लॉक स्तर तक शिकायत की, लेकिन केवल आश्वासन मिला, काम जमीन पर नहीं दिखा।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और बरसात से पहले सड़क बनाने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके।
Views: 0




