
CG Mirror News
जशपुर । जिले में ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं के नाम पर चल रहे अनियमितताओं के खेल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांसाबेल तहसील कार्यालय के समीप संचालित “CSC Varsha Online Center” को सील कर दिया है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर हुई औचक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद नायब तहसीलदार द्वारा तत्काल प्रभाव से केंद्र को बंद कर दिया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि संचालक जयजीत एक्का द्वारा अनधिकृत रूप से ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी का संचालन किया जा रहा था। इतना ही नहीं, ग्राम पंचायत कुसुमताल के लिए जारी अधिकृत ई-डिस्ट्रिक्ट आईडी का उपयोग पंचायत भवन की बजाय निजी दुकान में किया जा रहा था। इसका खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा था, जिन्हें पंचायत स्तर पर मिलने वाली ऑनलाइन सेवाओं के लिए दूसरे पंचायतों और तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे थे।
प्रशासन को यह शिकायत भी मिली थी कि केंद्र संचालक द्वारा आम लोगों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जा रही थी। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी करने के नाम पर भी लोगों से पैसे लिए जा रहे थे। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पैसा नहीं देने पर उनका काम तक नहीं किया जाता था, जबकि शासन ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह निशुल्क घोषित किया है।
शिकायतों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र को सील कर दिया। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि सभी लोक सेवा केंद्र और ई-डिस्ट्रिक्ट ऑपरेटर केवल शासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही आईडी संचालित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 9 सीएससी संचालकों की आईडी बंद की जा चुकी है। अब प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में अवैध वसूली करने वाले ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया है।
Views: 0




