
जशपुर में “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब तस्कर और चोरी के आरोपी गिरफ्तार
जशपुर जिले में पुलिस का धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन आघात के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शराब तस्कर और दो चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पत्थलगांव में शराब तस्कर गिरफ्तार
पत्थलगांव पुलिस ने गोविंद वैष्णव (उम्र 40 वर्ष, निवासी तमता नाकापारा) को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो बैग में कुल 12 लीटर 120 मिली अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 6080 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शराब बेचने की फिराक में है। टीम ने मौके पर जाकर छापेमारी की और शराब जब्त की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनीत पांडेय व अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
जशपुर शहर में CCTV कैमरा चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली जशपुर में दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरों की चोरी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राज विश्वकर्मा (20 वर्ष) और सुमित विश्वकर्मा (19 वर्ष), दोनों निवासी डीपाटोली को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी शराफत कुरैशी सहित अन्य दुकानदारों के CCTV कैमरे चोरी हो गए थे। DVR फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया और तीन नग CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीष तिवारी और उनकी टीम का सहयोग रहा।
जशपुर पुलिस ने दो मामलों में तेज कार्रवाई कर यह दिखाया है कि अपराधियों पर शिकंजा कसना लगातार जारी है।
Views: 0




