
CG Mirror News
जशपुर । किसानों को डीजल, यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में आज सोमवार को फरसाबहार में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पूरन वर्मा ने आरोप लगाया कि, सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान समय पर खेतों की जुताई और बुवाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे खरीफ सीजन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यूड़ी मिंज के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पूरन वर्मा के नेतृत्व में तहसील कार्यालय परिसर फरसाबहार में 11 बजे से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, मंडल अध्यक्षों, पंचायत एवं बूथ कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में किसानों को आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों में डीजल की कमी से ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं किसानों को खाद के लिए भी भटकना पड़ रहा है। पार्टी का कहना है कि खेती-किसानी के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसानों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराना सरकार की विफलता है।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा यूरिया और डीएपी खाद की आपूर्ति बढ़ाने की मांग करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पार्टी ने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर किसानों की आजीविका पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
Views: 0




