
बीजापुर – छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा की सीमा पर सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 18 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में 50 लाख का इनामी और तेलंगाना स्टेट कमेटी का चीफ दामोदर उर्फ चोखा राव भी शामिल है। इसके अलावा अन्य बड़े नक्सली कमांडर भी ढेर हुए हैं।
दक्षिण बस्तर डिविजनल कमेटी की सचिव की ओर से जारी प्रेस नोट में पुष्टि की गई है कि मुठभेड़ में 12 नहीं बल्कि उनके 18 साथी मारे गए गए जिसमें से 6 नक्सलियों के शव अपने साथ ले गए, मारे गए नक्सलियों में पीपीसीएम हूंगी, देवे, जोगा और नरसिंह राव भी शामिल हैं।
सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम में डीआरजी, कोबरा बटालियन और केरिपु की विभिन्न यूनिट्स शामिल थीं। मुठभेड़ सुबह 9 बजे शुरू हुई और देर शाम तक जारी रही।
मुठभेड़ के बाद इलाके में छानबीन के दौरान जवानों ने जमीन के अंदर बनी नक्सली सुरंगों का पता लगाया। इन सुरंगों में हथियार और विस्फोटक सामग्री छुपाई गई थी।
जवानों ने सुरंग से हथियार बनाने की मशीन, बिजली की तारें, बॉटल बम और भारी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद की है। नक्सली नई तकनीक का इस्तेमाल कर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे। बताया जा रहा है कि बम बनाने में कांच की बोतलों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
सुरक्षाबलों की इस बड़ी सफलता ने नक्सलियों को करारा जवाब दिया है। बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर चलाए गए इस ऑपरेशन में तीन जिलों के जवान शामिल थे।
Views: 0




