
फरसाबहार में 37.80 करोड़ की लागत से बन रहा है आधुनिक सुविधाओं से युक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय
जशपुरनगर, 28 सितंबर 2025/ फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जशपुर जिला आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अनुसूचित जनजातीय छात्रों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनके शैक्षिक और सह-पाठ्यचर्या कौशल के विकास तथा उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देश पर फरसाबहार में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नए भवन के लिए 37.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
यह भवन आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त होगा, जिसमें विद्यार्थियों को शिक्षा से लेकर जीवन कौशल विकास तक की सभी सुविधाएं मिलेंगी। वर्तमान में यहां 8वीं तक शिक्षा दी जा रही है, जिसे आगे बढ़ाकर 12वीं तक करने की योजना है।
आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों के लिए यह विद्यालय एक वरदान साबित होगा। यहां आधुनिक लैब, निःशुल्क शिक्षा, गणवेश, पुस्तकें, भोजन, छात्रावास, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर, विकलांग बच्चों के लिए सुलभ भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही कैरियर मार्गदर्शन, जीवन कौशल विकास और ई-लर्निंग की भी व्यवस्था की जाएगी।
Views: 0




