
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन क्लिक सेफ : गांव-गांव चलाया जा रहा साइबर जागरूकता अभियान।
जशपुर। बढ़ते साइबर अपराधों से लोगों को बचाने के लिए जशपुर पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुलदुला, कुनकुरी और कांसाबेल क्षेत्र के हाट-बाजार, स्कूलों और चौपालों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि मोबाइल फोन की लत और सोशल मीडिया का गलत उपयोग किस तरह जीवन को प्रभावित कर रहा है। पुलिस ने समझाया कि फेसबुक-इंस्टाग्राम पर अनजान रिक्वेस्ट स्वीकार करना, अंजान लिंक पर क्लिक करना, ओटीपी साझा करना और ऑनलाइन गेमिंग में शामिल होना अक्सर ठगी का कारण बनते हैं।
पुलिस ने बताया कि एपीके फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल हैकिंग का खतरा रहता है। लोगों से कहा गया कि इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करें, मजबूत पासवर्ड रखें और अपनी निजी जानकारी किसी संदिग्ध वेबसाइट या व्यक्ति के साथ साझा न करें।
सायबर ठगी से बचने के लिए नागरिकों को सलाह दी गई कि
- किसी भी संदिग्ध कॉल, ईमेल या लिंक पर भरोसा न करें।
- केवल सुरक्षित वेबसाइट पर ही ऑनलाइन भुगतान करें।
- ऑनलाइन खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें।
- सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग न करें।
- समय-समय पर अपने मोबाइल और ऐप्स को अपडेट रखें।
- ओटीपी या बैंक डिटेल कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
जशपुर पुलिस ने पहले यूनिसेफ के सहयोग से 200 से अधिक सायबर योद्धा तैयार किए हैं। ये योद्धा गांव-गांव जाकर नागरिकों को जागरूक कर रहे हैं और साइबर अपराध से बचने के उपाय बता रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार लोगों तक पहुंचकर उन्हें जागरूक कर रही है। जागरूकता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
Views: 0




