
जशपुर। थाना बागबहार क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती को सोशल मीडिया के जरिए झांसे में लेकर उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विकास नोनिया (22 वर्ष), निवासी झारखंड बताया गया है।
कैसे रचा गया था पूरा षड्यंत्र
पीड़ित युवती ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में उसे फेसबुक पर आरोपी ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। चैटिंग बढ़ने पर आरोपी ने विश्वास जीतकर वीडियो कॉल के माध्यम से उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
समय-समय पर आरोपी युवती को लगातार फोन कर रायपुर बुलाने का दबाव बनाता रहा और नहीं आने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा।
26 फरवरी 2024 को धमकी से भयभीत युवती रायपुर पहुँच गई, जहां से आरोपी उसे बस में बैठाकर अपने घर झारखंड ले गया, जहां वह करीब तीन दिन तक आरोपी के घर में रही। नानी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर युवती किसी तरह अपने घर लौट आई।
बात करना बंद किया तो आरोपी हुआ बेकाबू
युवती के दूरी बनाने पर आरोपी ने गुस्से में उसके नाम से फेक आईडी बनाकर अश्लील वीडियो परिजनों और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की गंभीरता देखते हुए बागबहार पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ धारा 354(घ), 509(ख) भादवि तथा धारा 78, 79 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
युवती से मिलने पहुंचा… पुलिस ने घेरा डालकर दबोचा
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विकास युवती से मिलने पत्थलगांव आया है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस का बयान – महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त जशपुर पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा—
“महिलाओं से संबंधित अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में रामप्रसाद साहू, सहायक उपनिरीक्षक हरि शंकर राम, आरक्षक रमेश पैंकरा व पीहर साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Views: 0




