
CG Mirror News
जशपुर : जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामटोली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक पिता ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी ही जवान बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका बिंदिया लकड़ा (उम्र 23 वर्ष) आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी और अपने घर के पास नया मकान बनवाने के लिए नींव खुदवाकर बालू-रेत गिरवाई गई थी। दिनांक 18 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी पिता लौरेस लकड़ा घर पहुंचा और मकान निर्माण के लिए ईंट-गिट्टी जल्द मंगवाने अथवा रुपए देने की बात को लेकर अपनी बेटी से विवाद करने लगा। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पिता ने गुस्से में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से अपनी ही बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि बिंदिया लकड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण सिर में लगी गंभीर चोट को बताया है।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी को जप्त किया गया तथा उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, उमेश मिंज, आरक्षक अशोक कंसारी, अमित एक्का एवं नगर सैनिक वीरेंद्र भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर गुस्से की एक पल की चूक किस तरह एक पूरे परिवार को हमेशा के लिए तबाह कर सकती है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ
Views: 0




