
धान खरीदी पंजीयन में अव्यवस्था, फसल छोड़ दफ्तरों के चक्कर काट रहे किसान , तहसील कार्यालय के बाहर धरना, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा प्रभारी तहसीलदार ने कहा जानकारी का अभाव।
जशपुर । धान खरीदी सत्र 2024-25 के पंजीयन कार्य में लगातार तकनीकी गड़बड़ियों से परेशान किसानों ने सोमवार को किसान संघ के बैनर तले तहसील कार्यालय दुलदुला के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना के बाद किसानों ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रभारी तहसीलदार राहुल कौशिक को सौंपा।
किसानों ने बताया कि एग्रीस्टेक पोर्टल में लॉगिन करते ही सिस्टम बार-बार लॉगआउट हो जाता है, पुराने पंजीकृत किसानों की फोटो नहीं दिख रही है, और कई किसानों की गिरदावली में वास्तविक फसल धान की जगह अन्य फसलें दर्ज हो रही हैं। इसके अलावा नेटवर्क फेलियर और सर्वर डाउन के कारण पंजीयन कार्य बार-बार रुक जा रहा है, जिससे किसान प्रतिदिन सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं । किसान अरविंद साय ने कहा कि किसान अपनी फसल की कटाई छोड़कर सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है। किसानों का कहना है कि नेटवर्क और पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के चलते अनेक किसान पंजीयन से वंचित रह गए हैं।
उन्होंने सरकार से एग्रीस्टेक और गिरदावली पोर्टल की खराबियों को दूर करने और पंजीयन की तिथि बढ़ाने की मांग की धरना के बाद प्रभारी तहसीलदार राहुल कौशिक ने किसानों से चर्चा कर बताया कि किसानों द्वारा 8 बिंदुओं में लिखित ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा, सभी बिंदुओं पर सुधार कार्य समय पर किए जा रहे हैं, नए किसानों का पंजीयन भी चल रहा है। केवल लिंक डिस्टर्ब रहने से असुविधा हुई थी, जिसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को जानकारी के अभाव में भी परेशानी हो रही है, क्योंकि तीन अलग-अलग पोर्टलों पर डाटा का मिलान और सत्यापन किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया में थोड़ा समय लग रहा है। किसान संघ के बैनर तले हुए इस धरना में शकील खान, लवकुश कुमार, दीपक कुमार, अरविंद साय, दिलीप सिंह, अजय राम, रमेश सिंह, श्रीमती चंद्रप्रभा, आंतो राम, रवि राम, नर्सिंग सागर यादव, अजय दान बरला, राकेश कुमार भगत, सुदर्शन यादव, श्रीमती रौशनी कुजूर, कृष्णा राम सहित सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।
Views: 0




