E-Paper

राम के नाम पर राजनीति नहीं, चढ़ावे का पूरा हिसाब चाहिए कांग्रेस का भाजपा पर निशानाराम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, पारदर्शिता और जवाबदेही की उठाई मांग ।

जशपुरनगर । अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और मंदिर प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को जशपुर जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। कांग्रेस ने इस प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में कराने की मांग की है ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।

जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुमित शर्मा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे में यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी या चोरी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बाद केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जो कार्रवाई की गई है, वह वास्तविक दोषियों तक पहुंचने के बजाय मामले को दबाने और लीपापोती करने जैसी प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में पत्रकार वार्ताओं के माध्यम से जनता की भावनाओं और सवालों को सामने रख रही है। शर्मा ने कहा कि देश की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि भूमि पूजन से लेकर वर्तमान तक श्रीराम मंदिर में कुल कितना चढ़ावा प्राप्त हुआ, उसमें से कितना खर्च किया गया और वर्तमान में कितनी राशि शेष है। इसके अलावा यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार है और उनके विरुद्ध क्या कार्रवाई की जा रही है, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम और राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर सत्ता तक पहुंचने वाली भाजपा आज इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह मौन है। कांग्रेस का कहना है कि यदि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास रखती है तो उसे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर पर्दा डालना देश की भावनाओं के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने लाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच ही एकमात्र रास्ता है।
इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष हीरू राम निकुंज, सहस्त्रांशु पाठक, मनमोहन भगत, सतीश गुप्ता, अमित महतो, आफताब खान, गोलू खान, चांद खान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker