
बीडीसी के ठिकाने पर कांसाबेल वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,लाखों की लकड़ी का जखीरा पकड़ा गया
अवैध कटाई पर वन विभाग का शिकंजा,आरोपी फरार,कई ठिकानों पर नज़र।
जशपुर।कांसाबेल वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन विभाग ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की अवैध साल लकड़ी(चिरान)बरामद की है।यह कार्रवाई एसडीओ पत्थलगांव श्री एस.के.कंवर के स्पष्ट निर्देश पर की गई।मामला बीट साजापानी आरएफ 1072 का है,जहां बीडीसी निराला टोप्पो से जुड़ी प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर सर्च वारंट के तहत छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान संबंधित क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई,जिसमें साल प्रजाति की भारी मात्रा में अवैध रूप से काटी गई लकड़ी पाई गई।वन अधिनियम के तहत इन चिरानों को अवैध वन उपज घोषित करते हुए मौके पर ही जप्ती पंचनामा तैयार कर लकड़ी जब्त की गई तथा आवश्यक वन अपराध प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित बीडीसी को मौके पर बुलाया गया,लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ।इसके बाद से आरोपी फरार है और वन विभाग द्वारा उसकी सघन तलाश की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जल्द छापामार कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक एवं प्रभारी रेंजर कांसाबेल श्री चंद्रभूषण सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की विशेष टीम शामिल रही,जिसमें अभय लकड़ा,अविनाश शर्मा,तारनी चरण पैकरा,विनय पैकरा,भूपेंद्र पैकरा,ननकी भगत,प्रमोद बैहरा प्रमुख रूप से शामिल थे।पूरी कार्रवाई माननीय सहायक वन संरक्षक श्री चंद्रभूषण सिंह के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण,पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न की गई।प्रभारी रेंजर श्री चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एसडीओ पत्थलगांव श्री एस.के.कंवर के निर्देश पर की गई है।कांसाबेल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कटाई,लकड़ी तस्करी या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा।इस कार्रवाई के बाद कांसाबेल और आसपास के क्षेत्रों में लकड़ी तस्करों में भय और हड़कंप का माहौल है।वन विभाग अब लगातार कड़ी नज़र बनाए हुए है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Views: 0




