
जशपुर। थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया के ग्राम सेरमाटोली में उस समय सनसनी फैल गई, जब कोल्हेनझरिया कागजपुड़ा डेम से दो युवकों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान विलियम कुजूर और दिलीप खड़िया के रूप में हुई है, जो 12 दिसंबर 2025 से लापता बताए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार मामला प्रथम दृष्टया बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में संज्ञेय अपराध घटित होने की संभावना जताई गई है। आशंका है कि दोनों युवकों की हत्या कर शवों को डेम में छिपाया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और डेम क्षेत्र का निरीक्षण किया। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले के खुलासे में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी तुमला कोमल नेताम और चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले को लेकर विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति शीघ्र जारी की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
Views: 0




