
झीरम घाटी के शहीदों पर अभद्र टिप्पणी से विवाद,भाजपा नेता के खिलाफ कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग ।
www.cgmirror.com
जशपुर। झीरम घाटी के शहीदों पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर जिले में बवाल मच गया है। कांग्रेस ने इस टिप्पणी को शहीदों की शहादत का अपमान बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है और पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को ज्ञापन सौंपा है ।
जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव का बयान:
“झीरम शहीदों की शहादत का अपमान हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह न केवल हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाता है, बल्कि समाज में द्वेष और अशांति फैलाने का प्रयास है। पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, नहीं तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।”
पूर्व विधायक यू. डी. मिंज का बयान:
“सोशल मीडिया जिम्मेदारी का मंच है, न कि नफरत और अशांति फैलाने का। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।”
वरिष्ठ नेता विनय भगत का बयान:
“पूर्व में भी ऐसी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी जा चुकी है। अब लगातार दोहराई जा रही हरकतें निंदनीय और असहनीय हैं। ऐसे व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।”
डीडीसी आरती सिंह का बयान:
“यह मामला केवल राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और शहीदों की गरिमा से जुड़ा है। पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि दोबारा ऐसा न हो।”
कांग्रेस नेताओं ने थाना प्रभारी कुनकुरी, पत्थलगांव, जशपुर और कांसाबेल में भी शिकायतें दर्ज कराई हैं और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के सबूत सौंपे हैं।
कांग्रेस ने कहा कि यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 153A (सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश), धारा 509 आईटी एक्ट की धाराओं में दर्ज किया जा सकता है। पुलिस से आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने, सामग्री हटवाने और आगे की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दीर्घकालिक रणनीति बनाने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
Views: 0




