
सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से दोस्ती, फिर लूटपाट अपचारी बालक पर कार्रवाई
जशपुर, 06 जुलाई 2025 — जिले के कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर नाबालिग लड़कियों से दोस्ती करने और मिलने के बहाने बुलाकर उनसे मोबाइल व रुपए लूटने वाले एक 17 वर्षीय अपचारी बालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर ने किसी अन्य युवक की फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक व इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई और लड़कियों से दोस्ती की। इसी कड़ी में 26 जून को एक नाबालिग लड़की को मिलने के बहाने बुलाया। मुलाकात के दौरान लड़की ने देखा कि सामने वाला लड़का प्रोफाइल फोटो से अलग है, जिस पर वह घबरा गई और भागने लगी। आरोपी ने उसे पकड़कर मोबाइल लूट लिया और फरार हो गया।
एक अन्य घटना में, आरोपी ने 30 जून को दुलदुला क्षेत्र की एक लड़की को फेसबुक पर झांसा देकर नारायणपुर के पर्यटन स्थल की ओर घुमाने के बहाने बुलाया। यहां भी उसने मोबाइल व नकदी 2000 रुपये लूटे और लड़की के फोन से पासवर्ड बदलकर कुल 30 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया।
दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टेक्निकल जांच में आरोपी की पहचान हुई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर मोबाइल, मोटरसाइकिल और लूटे गए सामान बरामद किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पीड़ित लड़कियों के मोबाइल से उनके दोस्तों से बीमारी का बहाना बनाकर भी पैसे ऐंठे हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह की और घटनाएं भी की हैं, जिसके लिए मोबाइल डेटा और फर्जी फेसबुक आईडी की जांच जारी है।
एसपी ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल की अपील करते हुए कहा कि अंजान लोगों से दोस्ती करने से पहले सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
Views: 0




