
CG Mirror News
जशपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे धान खरीदी सीजन के दौरान सरहदी राज्यों से अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की सख्त नजर लगातार बनी हुई है। इसी कड़ी में जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों से कुल 149 क्विंटल अवैध धान जब्त कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 42 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्र अंतर्गत की गई, जहां पुलिस ने झारखंड से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे अवैध धान को ग्राम केतार और बोकी में धर दबोचा।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी आरा पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक को रोका।
तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरी में कुल 90 क्विंटल धान पाया गया। चालक गणेश यादव (33 वर्ष), निवासी ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी से धान एवं मंडी टोकन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक सहित धान जब्त कर कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया।
ग्राम बोकी में दो पिकअप से भी अवैध धान पकड़ा
इसी क्रम में 11 जनवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो संदिग्ध पिकअप वाहन
क्रमांक JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका।
जांच में पहली पिकअप से 66 बोरी में 30 क्विंटल और दूसरी पिकअप से 60 बोरी में 29 क्विंटल धान बरामद किया गया। पूछताछ में चालकों ने अपना नाम शेखर यादव (26 वर्ष), निवासी मधुबनटोली जशपुर एवं सजीत कुमार (25 वर्ष), निवासी पुरनानगर जशपुर बताया। दोनों वाहन चालक भी धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद 126 बोरी में कुल 59 क्विंटल धान सहित दोनों पिकअप जब्त कर लिए गए।
2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ चुकी है जशपुर पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी सीजन के दौरान जशपुर पुलिस द्वारा अब तक 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि
“अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।”
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा एवं आरक्षक बेलसाजर कुजूर की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अवैध धान कारोबारियों पर कड़ा संदेश है, बल्कि ईमानदार किसानों के हितों की सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।
Views: 0




