
CG Mirror News जशपुर :- जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगीबहार में गुरुवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कलयुगी बेटे पर अपने ही पिता की जान लेने का आरोप लगा है । सुखबासुटोली, सिंगीबहार में हुए खूनी संघर्ष में 55 वर्षीय कृष्णा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए । परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए कुनकुरी शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे , लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर कृष्णा सिंह और उनके बेटे सूरज सिंह उर्फ पंडरू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई । देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट और खूनी संघर्ष हो गया । इस दौरान कृष्णा सिंह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक घटना गंभीर रूप ले चुकी थी ।
बताया जा रहा है कि, पिता-पुत्र के बीच विवाद नया नहीं था। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले कृष्णा सिंह ने किसी विवाद के दौरान अपने रिलेशन का भाई सरयू के सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया था । इस घटना की शिकायत पुलिस चौकी ऊपरकछार में भी की गई थी । परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि, शिकायत के बावजूद समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि उस समय मामले में उचित कार्रवाई होती, तो शायद आज यह नौबत नहीं आती और एक व्यक्ति की जान नहीं जाती। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कृष्णा सिंह को आनन-फानन में कुनकुरी शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पहुंची तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है । पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । वहीं आरोपी बेटा अपने पिता के शव के पास अस्पताल मे है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी । इस मामले मे पुलिस का अधिकारिक बयान आना बाकि है ।
Views: 0




