
प्रधानमंत्री सड़क पर बड़ा हादसा: सकरा जर्जर पुल से नीचे गिरा लोहे पाईप से लदा ट्रक, पुल की हालत पर फिर उठे सवाल।
जशपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हाल ही में निर्मित अबीरा–सिंगीबहार मार्ग पर स्थित सकरीनाला के जर्जर पुल ने एक बार फिर अपनी बदहाल स्थिति की पोल खोल दी। मंगलवार शाम करीब 4 बजे लोहे से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक और खलासी दोनों सुरक्षित बच गए तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहे से लदा ट्रक सिंगीबहार से सिमडेगा की ओर जा रहा था। जब वाहन सकरीनाला पर बने पुराने और जर्जर पुल से गुजर रहा था, तभी अचानक ट्रक असंतुलित हो गया और पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क का हाल ही में निर्माण किया गया है, उसी मार्ग पर वर्षों पुराना और जर्जर पुल अब भी लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। जनप्रतिदिन बीडीसी श्रीमति संध्या तिग्गा एवं ग्रामीणों के अनुसार, इस पुल की हालत को लेकर कई बार संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक पुल के निर्माण या मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस बार चालक और खलासी की जान बच गई, लेकिन हर बार किस्मत साथ दे, यह जरूरी नहीं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित रही। पुल के नीचे गिरे ट्रक को निकालने के लिए भारी मशीनों की आवश्यकता पड़ सकती है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि जब नई सड़क बनाई गई, तब जर्जर पुल को क्यों नहीं बदला गया सड़क आधुनिक और पुल खस्ताहाल होने से पूरे मार्ग की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सकरीनाला पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर नया पुल बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।
Views: 0



