
ब्रेकिंग जशपुर :- विशालकाय बरगद का पेड़ गिरने से तपकरा-कुनकुरी मार्ग जाम, गाड़ाकांटा में वाहनों की लगी लंबी कतार।
जशपुर:- तपकरा-कुनकुरी मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम उस वक्त यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जब वर्षों पुराना विशालकाय बरगद का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर गिरने से दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई और देखते ही देखते गाड़ाकांटा में वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, मार्ग जाम हुए करीब एक घंटे से अधिक समय बीत चुका है। जाम में नाइट बस, चारपहिया वाहन, ट्रक सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंसे हुए हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार बढ़ती जा रही है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ काफी विशाल और पुराना है, जिसके कारण इसे सड़क से हटाने में समय लग सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द पेड़ को काटकर सड़क से नहीं हटाया गया तो जाम कई घंटे तक खुलना मुश्किल हो सकता है। सबसे ज्यादा परेशानी नाइट बसों और लंबी दूरी के वाहनों में सफर कर रहे यात्रियों को हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। पेड़ को काटकर सड़क से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल तपकरा-कुनकुरी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। सड़क खुलने तक वाहन चालकों को सावधानी बरतने और मौके पर अनावश्यक भीड़ न करने की अपील की जा रही है।
Views: 0



