
CG Mirror News
जशपुर। जिले में गौ तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए जशपुर पुलिस ने अब जमीनी स्तर पर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में थाना नारायणपुर क्षेत्र के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस कप्तान स्वयं करीब 50 से अधिक पुलिस बल के साथ ग्राम किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर के घने जंगलों में पैदल पहुंचे और गौ तस्करी के संभावित मार्गों का निरीक्षण किया।
पुलिस टीम ने जंगलों से गुजरने वाले उन रास्तों की पहचान की, जिनका उपयोग तस्करों द्वारा किया जाता है।
इन मार्गों को चिन्हित कर कई रास्तों को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक किया गया है तथा इन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने कम्युनिटी पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी। ग्राम किनकेल, चट्टानपारा और पाकरकुंदर में “पुलिस मितान टीम” का गठन किया गया,
जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को शामिल किया गया है। यह टीम क्षेत्र में होने वाली गौ तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएगी, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गौ तस्करी रोकने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही नशे के दुष्प्रभाव, बच्चों की शिक्षा के महत्व और समाज में जागरूकता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों से कहा गया कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सके।
इस दौरान क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं से रोजगार के अवसरों को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस कप्तान ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और पुलिस, सेना, बीएसएफ, आईटीबीपी तथा अन्य सेवाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जशपुर जिले में भी “पुलिस एकेडमी” जैसी पहल शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
अचानक पहाड़ियों से डीआईजी एवं एसएसपी को पुलिस बल के साथ पैदल गांवों में पहुंचते देख ग्रामीण भी आश्चर्यचकित रह गए। पुलिस अधिकारियों को अपने बीच सक्रिय रूप में देखकर ग्रामीणों का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
इस सर्च अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, थाना प्रभारी नारायणपुर उमेश प्रभाकर, थाना प्रभारी सन्ना संतोष सिंह, चौकी मनोरा प्रभारी दिनेश पुरैना, साइबर सेल से निरीक्षक आशीष तिवारी सहित पुलिस बल के जवान और नवआरक्षक मौजूद रहे।
Views: 0




