E-Paper
Trending

ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस ने दो पिकअप से 26 गौवंश कराए मुक्त, गौ तस्कर फरार।

ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस ने दो पिकअप से 26 गौवंश कराए मुक्त, गौ तस्कर फरार।

ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस ने दो पिकअप से 26 गौवंश कराए मुक्त, गौ तस्कर फरार।

 

जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से कुल 26 नग गौवंशों को मुक्त कराया है। तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहन जप्त कर लिए गए हैं, जबकि आरोपी गौ तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 और 17 दिसंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर के रास्ते झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लोरो घाट में नाकाबंदी की गई। सिटी कोतवाली जशपुर, कुनकुरी, लोदाम थाना और रक्षित केंद्र की संयुक्त टीम तैनात की गई थी।

रात करीब 3 से 4 बजे के बीच दो संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तस्करों ने वाहन तेज कर भागने का प्रयास किया। एक पिकअप जशपुर की ओर भागी, जबकि दूसरी दुलदुला-चटकपुर मार्ग से कुनकुरी की ओर फरार होने लगी। पीछा करने के दौरान जशपुर की ओर भाग रही पिकअप काईकछार के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जांच में पिकअप क्रमांक JH-01-VY-7119 में त्रिपाल के नीचे रस्सियों से बेरहमी से बांधे गए 10 गौवंश मिले, जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी थी। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया तथा मृत गौवंश का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कराया गया।

दूसरी ओर कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस नाकाबंदी देख दूसरी संदिग्ध पिकअप क्रमांक JH-01-FK-5521 को ग्राम गड़ाकाटा के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इस वाहन में सब्जी के कैरेट के पीछे छिपाकर 16 गौवंश ले जाए जा रहे थे, जिनमें से तीन की मृत्यु हो चुकी थी। शेष गौवंशों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और मृत पशुओं का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को जप्त कर थाना सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर, कुनकुरी सहित रक्षित केंद्र जशपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी को लेकर बेहद संवेदनशील है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा और गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Views: 0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker