
jashpur । थाना लोदाम पुलिस ने नकली सोने की बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपये की ठगी करने पहुंचे अंतरजिला गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सोने की बिस्किट, मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है।
ग्राम साईं टांगर टोली निवासी प्रार्थी फिरोज हजाम ने थाना लोदाम में रिपोर्ट दर्ज कर बताया था कि ग्राम करकली (थाना कुसमी, जिला बलरामपुर) का निवासी कलाम खान उससे संपर्क में आया और बताया कि उसके पास लगभग साढ़े चार सौ ग्राम का सोने जैसा बिस्किट है, जिसे वह कम दाम में बेचना चाहता है। 27 नवंबर को वीडियो कॉल पर सोने की बिस्किट दिखाए जाने के बाद प्रार्थी ने 10 लाख रुपये में सौदा तय किया।
1 दिसंबर को आरोपी कलाम खान अपने साथियों शंकर भगत और बिहारी तिर्की के साथ क्रेटा कार में ग्राम जामटोली भलमंडा पहुंचा और प्रार्थी को भी वहीं बुलाया। आरोपियों ने विश्वास जमाने के नाम पर 10 हजार रुपये एडवांस की मांग की, जिसे प्रार्थी ने दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने सोने जैसी दिखने वाली बिस्किट दिखाई, लेकिन संदेह होने पर प्रार्थी ने इसे सुनार से जांच कराने की बात कही। मौके पर पहुंचे सुनार ने बिस्किट को नकली बताया।
इस पर प्रार्थी ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना लोदाम पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि नकली सोने की बिस्किट उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से ली थी और ठगी करने का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम—
कलाम खान (26 वर्ष),
शंकर लाल भगत (45 वर्ष),
बिहारी तिर्की (55 वर्ष),
सभी निवासी ग्राम करकली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर।
मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना लोदाम में बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, नकली सोने की बिस्किट एवं प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि नकली सोने के माध्यम से ठगी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक सुशील एक्का एवं अमर मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Views: 0




