
CG Mirror News
जशपुर । विकासखंड फरसाबहार के अमडीहा में आयोजित सुशासन शिविर शिक्षा और प्रतिभा सम्मान का यादगार मंच बन गया। सत्र 2025-26 में विकासखंड के 10वीं, 12वीं एवं केंद्रीकृत परीक्षा 5वीं और 8वीं के उत्कृष्ट परिणामों पर शिक्षा विभाग ने मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान किया।
कार्यक्रम में संकुल स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले कुल 39 विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। अमडीहा शिविर अंतर्गत 10 संकुल तथा 6 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल रहे। शिक्षा विभाग की इस पहल ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का उत्साह भर दिया। मंच से मेधावियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अब शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं।
सम्मानित विद्यार्थियों में पुराईनबंध, साजबहार, जामबहार, सुंडरू, केरसई, लठबोरा, सिंगीबहार, तपकरा, अबिरा एवं समडमा संकुल केंद्रों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे, जिन्होंने 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विकासखंड का नाम रोशन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह, पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव श्री भरत साय, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह, डॉ. अजय शर्मा, श्री कपिलेश्वर सिंह, श्री भजन साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सुशासन शिविर में शिक्षा विभाग की इस अनूठी पहल को लेकर पालकों एवं ग्रामीणों ने भी खुशी जाहिर की और मेधावी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Views: 0




