
CG Mirror News
जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर केराडीह से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के बाद पति-पत्नी के रिश्ते में आया विवाद खूनी अंजाम तक पहुंच गया। इस सनसनीखेज मामले में पत्नी ने ही अपने मायके पक्ष के लोगों को बुलाकर पति की बेरहमी से पिटाई करवाई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक सुनील राम ने करीब 6 माह पहले प्रेम संबंध के चलते मीरा बाई को भगाकर अपने साथ रखा था और पत्नी के रूप में रख रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। 1 मार्च को मीरा बाई ने अपने परिजनों को गांव बुलाया, जहां सभी ने मिलकर सुनील राम के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दो दिन बाद अचानक सुनील राम की तबीयत बिगड़ी, उसने शरीर में तेज दर्द और प्यास की शिकायत की और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के कारण हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस हरकत में आई और जांच के दौरान सभी पांचों आरोपियों मीरा बाई, मुनिया बाई, मीना बाई, पुष्पा बाई और शंकर राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 190 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरे मामले के खुलासे में नारायणपुर पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई अहम रही, जिससे एक गंभीर अपराध का पर्दाफाश हो सका।
Views: 0




