
पत्थलगांव में 21 हाथियों के दल की धमाकेदार इंट्री, गांवों में फैली दहशत, वन विभाग अलर्ट
जशपुर :- जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में हाथियों की आमद ने एक बार फिर दहशत का माहौल बना दिया है। इस बार 21 हाथियों का एक बड़ा दल सीतापुर वन परिक्षेत्र से निकलकर पत्थलगांव के रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर गया है। यह झुंड फिलहाल पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के पतरापाली के झेराडीह गांव के समीप मौजूद है। हाथियों के इस दल ने खेतों में खड़ी धान और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों की सब्जी की खेती और घरों के आसपास लगे पेड़-पौधों को भी इन हाथियों ने नुक़सान पहुंचाया है। लोगों में भय का माहौल है। कई लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। वहीं, झुंड को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ लग रही है। इस भीड़ के कारण हाथियों के व्यवहार में उत्तेजना आने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए वन विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी प्रकार की उत्तेजनापूर्ण गतिविधि न करें।वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। हाथियों को आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ने के लिए विभागीय रणनीति तैयार की गई है। हाथियों से जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा कई उपाय किए जा रहे हैं। प्रतिदिन ग्रामीणों के साथ मिलकर रतजग्गा किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों की टोली बनाकर रात्रि पहरा लगाया गया है। इसके साथ ही विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को हाथियों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। उन्हें समझाया जा रहा है कि रात के समय आग जलाकर रखें, पटाखे न जलाएं, हाथियों को न छेड़ें, और अकेले बाहर न निकलें। जंगल से लगे घरों में रह रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को घर के भीतर ही रखने और किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना देने का आग्रह किया गया है। स्थानीय प्रशासन को भी इस मामले की जानकारी दी गई है और वन विभाग के समन्वय से सतत निगरानी की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल हाथियों का दल झेराडीह क्षेत्र में ही मौजूद है, लेकिन उनके मूवमेंट को देखते हुए आसपास के कई गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। विभाग की टीम पूरी तरह से तैयार है और लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Views: 0




