
त्यौहारों से पहले कुनकुरी में सफाई व्यवस्था बदहाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष यू.डी. मिंज का फूटा गुस्सा।
जशपुर ,नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 09 एवं 10 में फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री यू. डी. मिंज ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आम नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
श्री मिंज ने कहा कि एक ओर 19 और 20 मार्च को मुस्लिम समाज द्वारा ईद का पावन पर्व मनाया जाना है, वहीं दूसरी ओर इन वार्डों में नालियों की सफाई और कचरा प्रबंधन की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं और नालियां जाम पड़ी हैं, जिससे दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने इसे नगर पंचायत की घोर लापरवाही बताते हुए कहा कि त्योहारों के समय भी यदि साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही है, तो यह प्रशासन की विफलता का स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान में कुनकुरी नगर पंचायत में कांग्रेस की ही सरकार है, ऐसे में पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदारों की जवाबदेही और भी अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने संकेत दिया कि जनहित के मुद्दों पर पार्टी किसी भी प्रकार की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं करेगी।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नगर पंचायत प्रशासन आम जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुका है। नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसके बावजूद हालात बद से बदतर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और प्रशासन के प्रति भरोसा कमजोर पड़ रहा है। श्री मिंज ने नगर पंचायत को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी भेदभाव के तत्काल प्रभाव से नालियों की सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के त्योहारों के प्रति समान संवेदनशीलता रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल जनता के स्वास्थ्य के लिए खतरा है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती है।
स्थानीय लोगों ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और जल्द से जल्द समाधान की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है।
Views: 0




