
बगिया आश्रम में छात्र की सर्पदंश से मौत पर बड़ी कार्रवाई: अधीक्षक और भृत्य निलंबित, मंडल संयोजक को नोटिस
जशपुर, 10 जुलाई 2025 – बगिया स्थित शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम छात्रावास में कक्षा तीसरी के छात्र अमृत साय की सर्पदंश से हुई मौत के मामले ने प्रशासन को झकझोर दिया है। इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने त्वरित और सख्त कदम उठाए हैं।
प्रभारी अधीक्षक ठाकुर दयाल सिंह को अपने कर्तव्यों में घोर लापरवाही, सूचना देने में देरी और उपचार में चूक के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, आश्रम के भृत्य रामकुंवर सिदार को परिसर की साफ-सफाई में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है।
इसके साथ ही कांसाबेल विकासखंड के प्रभारी मंडल संयोजक फकीर राम यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण में टूटी खिड़कियां, लंबी घास, झाड़ियां और छात्रावास की साफ-सफाई में भारी लापरवाही पाई गई, जिससे आश्रम में जहरीले जीव-जंतु घुस सके।
प्रशासन ने तय की जवाबदेही, शुक्रवार को परिजन को मिलेंगे 4 लाख
प्रशासन ने मृत छात्र अमृत साय के परिजनों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि कल शुक्रवार को परिजनों को दी जाएगी।
इस पूरे मामले ने आश्रमों में बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बच्चों की उपेक्षा या लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Views: 0




