
रथ मेले में सज रहे थे दो जुआ फड़, खुड़खुड़िया और गोटी से लग रहा था दांव; 7 आरोपी गिरफ्तार, ₹77,240 नगद जब्त
पत्थलगांव। रथ मेले की भीड़ के बीच खुड़खुड़िया और गोटी से जुआ खिलाकर लोगों से रुपये-पैसे का दांव लगवाने वालों पर पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेले में पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों फड़ों से कुल 77 हजार 240 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजगढ़ ऊपरपारा रथ मेले में कुछ लोगों द्वारा खुड़खुड़िया नामक जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि सार्वजनिक स्थान पर सीसी रोड पर पेट्रोमैक्स की रोशनी में दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित किए जा रहे थे, जहां खुड़खुड़िया पट्टी और प्लास्टिक की गोटियों के जरिए रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस की कार्रवाई देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खिलाने वाले सात आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पहले जुआ फड़ से निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो के कब्जे से 42,810 रुपये बरामद किए गए। वहीं दूसरे जुआ फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो के कब्जे से 34,430 रुपये बरामद हुए। इस तरह दोनों फड़ों से कुल 77,240 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके से खुड़खुड़िया पट्टी, 6 नग प्लास्टिक की गोटी, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई और करीब 3 लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ खेलने और खिलाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी जब्त की।
दो अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 168/2026 एवं 169/2026 दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में धारा 3(2), 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। जांच के दौरान आरोप प्रमाणित पाए जाने पर सभी सात आरोपियों को 9 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में निराकार खुटिया (27), विजय भगत (44), अगस्तु भगत (45), नितेश किण्डो (34), दिलीप खलखो (30), अकबर किण्डो (43) और रंजीत किण्डो (36) शामिल हैं। सभी पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सउनि लखेश कुमार साहू सहित पत्थलगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। ऐसे गैरकानूनी कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Views: 0




