
सब्जी लोडिंग की आड़ में चल रहा था गौ तस्करी का गोरखधंधा : तस्करों को दौड़ाते समय गिरकर दो पुलिस जवान घायल, 16 मवेशियों में 3 कि मौत।
कुनकुरी क्षेत्र में सब्जी लोडिंग के बहाने चल रहे गौ तस्करी के गोरख कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गौ तस्करी की पुख्ता सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस ने सुबह करीब 5 बजे गड़ाकटा चौक पर नाकेबंदी की। तस्करों को रोकने के लिए सड़क को ट्रेलर वाहन खड़ा कर पूरी तरह जाम कर दिया गया।
नाकेबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया, जो बाहर से सब्जी लोडिंग के नाम पर चल रहा था। जैसे ही वाहन में सवार तीन तस्करों को पुलिस की मौजूदगी का अंदेशा हुआ, वे चलती पिकअप से कूदकर भागने लगे। पुलिस जवानों ने तत्काल पीछा किया। अंधेरे में दौड़ाते समय पुलिस के दो जवान गिरकर घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ भी लिया था, लेकिन वह झटका देकर फरार हो गया। हालांकि मौके से उसका मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लग गया है, जिसे जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। इस दौरान एक हेड कांस्टेबल का मोबाइल फोन गिरकर पूरी तरह खराब हो गया।
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 16 मवेशियों को बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें एक बैल और दो गाय मृत अवस्था में पाए गए, जबकि कई अन्य गायें गंभीर रूप से घायल मिलीं। मवेशियों की हालत देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशिमोहन के निर्देश पर थाना प्रभारी राकेश यादव ने तत्काल पशु चिकित्सकों से संपर्क किया। सभी घायल मवेशियों का उपचार शुरू कर दिया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर गौ तस्करी का मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही पूरे गौ तस्करी नेटवर्क और सब्जी लोडिंग की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा किया जाएगा।
Views: 0




