E-Paper

मिर्च की बोरियों के नीचे छिपा रखा था 440 किलो गांजा,  पुलिस चेकपोस्ट मे तस्करी का बड़ा खेप पकड़ाया। उड़ीसा से प्रयागराज ले जाया जा रहा था गांजा  2 आरोपी गिरफ्तार, ट्रक समेत ₹2.40 करोड़ की संपत्ति जब्त । 

CG Mirror News

जशपुर  नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक वाहन में 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गांजे को बेहद शातिर तरीके से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को वाहन पर संदेह हुआ। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो ऊपर की तरफ मिर्ची से भरी बोरियां मिलीं। जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की जांच की गई तो टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों के अंदर गांजा पाया गया।

440 पैकेट में मिला 440.63 किलो गांजा
पुलिस के मुताबिक मौके पर गवाहों की मौजूदगी में जांच की गई, जिसमें 14 बोरियों के अंदर कुल 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल वजन 440.63 किलोग्राम पाया गया। वाहन में सवार दो लोगों से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में पुलिस ने मो. वसीम उम्र 28 वर्ष और मो. आसिफ उम्र 34 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

उड़ीसा से प्रयागराज जा रहा था खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा पुलिस को बताया गया कि गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। अब पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गांजा किससे खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और प्रयागराज में किस व्यक्ति तक यह खेप पहुंचाई जानी थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है।

ट्रक समेत ₹2.40 करोड़ की जब्ती
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक को भी जब्त किया है। गांजे की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये, जबकि ट्रक की कीमत करीब ₹20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल ₹2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती की गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद
जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।

जशपुर पुलिस के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Views: 0

Mukesh Nayak

Editer - Mukesh Nayak Jashpur (Cg) www.mukeshnk60@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker