
जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार किसी रिश्तेदार को मिलने के बाद लौट रहे थे, इसी दौरान रघुनाथपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पत्थलगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार चालक की तलाश और वाहन की पहचान के लिए पुलिस द्वारा जांच तेज कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। 
Views: 0




