
Cg mirror News मुख्यमंत्री के विधानसभा कुनकुरी में खुलेआम बाल मजदूरी ! प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल..
जशपुर :- ज़िले के अंतर्गत आने वाले मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी से एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसमें गर्मी की छुट्टियों में स्कूली बच्चे खुलेआम ट्रैक्टर में निर्माण सामग्री ढोते नज़र आ रहे हैं। यह तस्वीर ना केवल बाल श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाती है, बल्कि प्रशासन की अनदेखी और उदासीनता को भी उजागर करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की बाल मजदूरी आम होती जा रही है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना मुख्यमंत्री के स्वयं के विधानसभा क्षेत्र में हो रही है, जहाँ से बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की अपेक्षा की जाती है।
फोटो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि नाबालिग बच्चे ट्रैक्टर ट्रॉली में निर्माण सामग्री के साथ बैठे हैं और इस खतरनाक काम को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
समाजसेवियों और बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस पर सख्त नाराजगी जताई है और प्रशासन से तत्काल जांच व कार्रवाई की मांग की है।
क्या कहता है कानून?
भारत में बाल श्रम निषेध कानून के तहत 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना कानूनन अपराध है। इसके बावजूद भी इस तरह की घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में धड़ल्ले से हो रही हैं।
प्रशासन कब जागेगा?
अब यह देखना होगा कि क्या प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेता है या फिर बाल अधिकारों का ऐसा हनन यूं ही चलता रहेगा।
Views: 0




