
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की 50 लाख की संपत्ति फ्रीज।
जशपुर, 04 अक्टूबर 2025 —
जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की करीब 50 लाख 64 हजार 653 रुपये मूल्य की संपत्ति को SAFEMA कोर्ट मुंबई के आदेश पर फ्रीज कराया है।
पुलिस के अनुसार, फ्रीज की गई संपत्तियों में एक मकान, चार मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार शामिल हैं। जांच में यह पाया गया कि तस्कर रोहित यादव ने यह संपत्ति गांजा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित की थी।
रोहित यादव के खिलाफ वर्ष 2013, 2017, 2021 और 2023 में NDPS Act की धारा 20(B) के तहत कई मामले दर्ज किए गए हैं। बार-बार गिरफ्तार होने के बावजूद वह गांजा तस्करी का काम बंद नहीं कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार में शामिल लोगों के लिए सख्त संदेश है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध रूप से नशे के व्यापार में संलिप्त हैं, उनकी कमाई गई संपत्ति पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि यह पूरे सरगुजा रेंज में SAFEMA के तहत की गई दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले जशपुर पुलिस ने हीराधर यादव नामक गांजा तस्कर की लगभग 1.38 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कराई थी।
Views: 0




