
कलेक्टर ने जताई नाराजगी: अटल परिसर निर्माण में गुणवत्ता की कमी पर चेताया, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
जशपुर। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को जिला संग्रहालय परिसर के पास निर्माणाधीन अटल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने कार्य एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुधार के साथ गति भी लाई जाए ताकि समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
क्या है अटल परिसर योजना?
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर राज्य के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में “अटल परिसर” निर्माण की घोषणा की गई है। इसी योजना के तहत जशपुर में भी अटल परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें एक बहुउद्देश्यीय भवन, नागरिक सेवाओं का केंद्रीकृत तंत्र, पुस्तकालय और अन्य सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं शामिल होंगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन अभियंता श्री प्रफुल्ल, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय, उप अभियंता श्री आशीष रात्रे समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
Views: 0




